Showing posts with label uncertainty. Show all posts
Showing posts with label uncertainty. Show all posts

Wednesday, April 6, 2016

गुमशुदा


कल जिस दिन को मैनें देखा, वो आज नहीं है,
कल दिन ने जिस मुझको देखा, वो आज नहीं है,
फिर बरसों की तुम्हारी नज़रों में
तराशी मेरी पहचान को खो जाने दो...
कुछ वक़्त मुझे गुमशुदा हो जाने दो...

हर वक़्त हर बात पर मत टोको मुझे
दोस्ती तज़ुर्बे से करने से मत रोको मुझे
हर नाकामी की भुनी तीली लेकर 
अगली कोशिश की लौ जलाने दो...
      कुछ वक़्त मुझे गुमशुदा हो जाने दो...

हर तरकीब में मुनाफ़ा मैं क्‍यूँ देखूँ?
सिर्फ़ जवाहरातों का सराफ़ा मैं क्यूँ देखूँ?
सूखे पत्तों की दुनिया भी होती है सुनहरी
इनके साये में गुज़र चलाने दो...
      कुछ वक़्त मुझे गुमशुदा हो जाने दो...

मंज़िलें जिन्हें मानते हम ख़्वाब हैं
दरअसल वो तो जगमगाते सराब हैं
आँखें मूंद कर मुक़द्दर के बाज़ू में
गुज़रगाह का भी लुत्फ़ उठाने दो...
      कुछ वक़्त मुझे गुमशुदा हो जाने दो...

लोग तो कहेंगे काफ़ी कुछ, उन्हें मत दोहराओ
तुम तो मेरे अपने हो, ज़रा बन के भी दिखाओ
लाज़मी तो हैं लाख़ों, दुनिया के दस्तूर
कुछ मुझे तोड़ने दो, कुछ निभाने दो...
      कुछ वक़्त मुझे गुमशुदा हो जाने दो...



- अंशुल नागोरी

वक़्त ये कम्बख़्त


बुलाने से आता नहींभेजने से जाता नहीं,
बस में किसी केकभी वक़्त समाता नहीं,
है कितना शातिरजो एहमियत अपनी
गुज़रे बिना कभीये कम्बख़्त जताता नहीं...

जो तेज़ निकलेतो लगे है रफ़्तार,
जो हौले चलेतो लगे इंतज़ार,
कभी मीलों की दूरी, लगे पल भर की
कभी पलों का फ़ासलालगे मील हज़ार...

या तो कल के चेहरे पर, आस बनकर,
या फिर कल के पर्दे पर, काश बनकर,
गिरता क्यूँ नहीं वक़्त, आज के पहलू में,
हर एक पल एक नया, पलाश बनकर...

अक्सर रास्तों पर कभीऐसा मोड़ आता है,
जोड़ता नहींहद से ज़्यादा हमें तोड़ जाता है,
मगर उन्हीं रास्तों परअगर चलते चलें हम,
अगला मोड़ पिछले का नज़ारा, वहीं छोड़ जाता है...

जो मिले वक़्त से पहलेतो कीमत नहीं रहती,
जो मिले वक़्त के बादतो चाहत नहीं रहती,
जानता है वक़्तकब किसकी कितनी है औकात,
जो मिले आज में वो लेंतो बाक़ी ज़रूरत नहीं रहती...

जो माँगने से मिले, तो ये मौहलत कहलाए,
जब बिन माँगे मिले, तो ये फ़ुरसत कहलाए,
जो करे लम्हों की लापरवाही, वो क्या जाने,
दो पल की याद भी कई बार दौलत कहलाए...